कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। स्कूटी पर सवार भाई-बहन ने खतरे को भांपते हुए समय रहते छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी स्कूटी जलकर खाक हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, पीयूष कंवर अपनी बहन के साथ कुसमुंडा से कटकीडबरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भिलाईबाजार तालाब के पास उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। दोनों ने तुरंत स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचाई। वायरल वीडियो में वाहन आग की लपटों से घिरा दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना हुई थी। जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की घटनाओं से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। हालांकि, इस घटना में आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
