शुष्क दिवस पर बार में शराब का खेल! प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे बिक्री, संचालक पर FIR

Follow Us

रायपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शासन द्वारा घोषित शुष्क दिवस में शराब बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब बेचने का मामला सामने आया है। मौदहापारा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से शराब बाहर निकालकर ग्राहकों को बेची जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने निगरानी करते हुए रात करीब 10:30 बजे कार्रवाई की और बार संचालक पलाश मल्होत्रा (26), पिता संदीप मल्होत्रा, निवासी आदर्श स्कूल के पीछे, थाना देवेंद्र नगर, रायपुर को शराब बिक्री करते पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब की 750 एमएल की एक बोतल, जिसकी कीमत 1,150 रुपये है, तथा बिक्री से प्राप्त 2,300 रुपये नकद जब्त किए। कुल 3,450 रुपये का माल पुलिस के हाथ लगा है।

पुलिस ने शुष्क दिवस के दौरान शराब बेचने के मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस और धारा 34(1)(ब) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान बार में तैनात सुरक्षा गार्ड की भूमिका भी पुलिस के संदेह के घेरे में आ गई है। पुलिस के अनुसार गार्ड के खिलाफ धारा 170 के तहत पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि प्रतिबंधित दिन बार से शराब बाहर निकालकर बेचने की जानकारी गार्ड को थी या इस पूरी गतिविधि में उसकी कोई भूमिका रही।

मामले के सामने आने के बाद अब प्लैटिनम बार के आबकारी लाइसेंस पर भी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। पुलिस की ओर से शुष्क दिवस के आदेश और आबकारी लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन को लेकर आबकारी विभाग को अलग से प्रतिवेदन भेजा जा रहा है। इसके आधार पर बार का लाइसेंस निलंबित या निरस्त किया जा सकता है। शुष्क दिवस के दौरान शराब की बिक्री का मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई से बार संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधित अवधि में शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।