रायपुर । नगर पालिक निगम रायपुर ने शहर में लगाए जाने वाले फ्लैक्स एवं बैनर को लेकर नागरिकों, व्यापारियों एवं विज्ञापनदाताओं से जनहित एवं नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। शहर में बिना अनुमति लगाए गए अथवा असुरक्षित तरीके से लगाए गए फ्लैक्स एवं बैनर न केवल शहर की सुंदरता एवं व्यवस्थित स्वरूप को प्रभावित करते हैं, बल्कि नागरिकों के लिए गंभीर सुरक्षा जोखिम भी पैदा कर सकते हैं।
विशेष रूप से कटे-फटे, ढीले अथवा कमजोर तरीके से लगाए गए फ्लैक्स एवं बैनर तेज हवा, बारिश एवं खराब मौसम में उड़कर या गिरकर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। सड़क एवं फुटपाथ के आसपास लगे ऐसे फ्लैक्स दो-पहिया एवं चार-पहिया वाहन चालकों की दृश्यता बाधित कर सकते हैं, जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। वहीं इनके गिरने अथवा उडऩे से पैदल यात्रियों को भी गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है।
अनधिकृत रूप से लगाए गए फ्लैक्स एवं बैनरों में उनके स्ट्रक्चर, फिक्सिंग, मजबूती एवं स्थापना स्थल की सुरक्षा का समुचित परीक्षण नहीं हो पाता। इसलिए इनका अनियंत्रित एवं असुरक्षित उपयोग जनसुरक्षा के लिए गंभीर समस्या बन सकता है। रायपुर नगर पालिक निगम ने नागरिकों, व्यापारियों एवं विज्ञापनदाताओं से अपील की है कि अवैध, कटे-फटे अथवा असुरक्षित फ्लैक्स एवं बैनर का उपयोग न करें।
विज्ञापन के लिए केवल निजी अनुमति अथवा सरकारी अनुमति प्राप्त अधिकृत स्थानों का ही उपयोग किया जाए तथा निर्धारित नियमों एवं शुल्क का पालन किया जाए। शहर की सुंदरता और प्रचार से कहीं अधिक महत्वपूर्ण नागरिकों की सुरक्षा है। अत: सभी से आग्रह है कि विज्ञापन लगाते समय स्थान, संरचना एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें।
