दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री अशोक चंद्राकर ने कहा कि, प्रदेश का किसान आज अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में किसानों को समय पर खाद, डीएपी, बीज एवं अन्य कृषि सुविधाएं उपलब्ध होती थीं, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में किसान खाद और डीएपी की कमी से परेशान हैं तथा अपनी मूलभूत कृषि आवश्यकताओं के लिए भटकने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि, किसान कांग्रेस किसानों की हर पीड़ा, समस्या और मांग को मजबूती से उठाने का काम करेगी। किसानों को समय पर खाद, डीएपी, बीज, सिंचाई सुविधा और उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। किसानों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए किसान कांग्रेस सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा एवं पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने अशोक चंद्राकर को प्रदेश किसान कांग्रेस का महामंत्री नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि, उनके अनुभव, सक्रियता और किसान हितैषी सोच से संगठन को मजबूती मिलेगी तथा किसानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
