धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ओडिशा के लिए बस में रवाना हुआ एक व्यक्ति अपने गंतव्य तक पहुंचा ही नहीं। कई दिनों तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पत्नी ने सिटी कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, नरहरपुर निवासी संतोषी दुर्गा अपने पति रविन्द्र दुर्गा को धमतरी बस स्टैंड तक छोड़ने आई थीं। उन्होंने पति को ओडिशा जाने वाली बस में बैठाया और फिर वापस अपने घर लौट गईं। रविन्द्र को अपने कार्यस्थल पहुंचना था, लेकिन वह वहां पहुंचे ही नहीं।
दो-तीन दिनों तक पति से कोई संपर्क नहीं होने पर संतोषी दुर्गा ने उनके कार्यस्थल पर जानकारी ली। वहां से पता चला कि रविन्द्र ड्यूटी पर पहुंचे ही नहीं हैं। इसके बाद अनहोनी की आशंका के चलते वह धमतरी पहुंचीं और सिटी कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि रविन्द्र के संभावित यात्रा मार्ग, बस की जानकारी और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही उनके मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश जारी है।
