नारायणपुर। पत्नी को बेरहमी से पीटकर अधमरा छोड़ने के बाद फरार हुए पति को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जिसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।मिली जानकारी के अनुसार, 5 फरवरी को जिला अस्पताल नारायणपुर से सूचना प्राप्त हुई कि गढ़बेंगल गांव की एक महिला को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हत्या बताया गया।जांच में सामने आया कि 13 जनवरी को महिला को उसके पति ने गंभीर रूप से घायल किया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी तिलक राम मंडावी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त कर ली गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इसी मामले में आरोपी का नाम एक बैंक ठगी कांड में भी सामने आया है। Punjab National Bank की नारायणपुर शाखा में खातों की जांच के दौरान कई अनियमितताएं और संदिग्ध लेन-देन पाए गए।जांच में खुलासा हुआ कि खाताधारकों के दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर फर्जी तरीके से रकम निकाली गई और अन्य खातों में ट्रांसफर की गई। इस तरह करीब 30,67,500 रुपये का गबन किया गया। पुलिस ने इस मामले में भी आरोपी तिलक राम मंडावी (38 वर्ष), निवासी पलटपारा गढ़बेंगल, को 18 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।
पत्नी को अधमरा कर फरार हुआ पति, मौत के बाद हुआ गिरफ्तार; बैंक ठगी में भी निकला आरोपी
