बिलासपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: मासूम को ले जाने का विरोध करने पर दादी की हत्या

Follow Us

0 बच्ची को जबरन ले जाने की कोशिश का आरोप, चाकू से हमला कर आरोपी फरार; पुलिस तलाश में जुटी

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तीन साल की बच्ची को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश और इसका विरोध करने पर उसकी दादी की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची को ले जाने से रोकने पर एक युवक ने बुजुर्ग महिला पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

घर पहुंचकर बच्ची को ले जाने की कोशिश का आरोप
मामला सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा का है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे राजकुमारी यादव अपने घर पर थीं। इसी दौरान उनका पड़ोसी प्रशांत शुक्ला वहां पहुंचा। आरोप है कि युवक ने तीन साल की बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। बच्ची की दादी राजकुमारी यादव ने इसका विरोध किया और उसे रोकने का प्रयास किया।

विरोध करने पर चाकू से किया हमला
बताया जा रहा है कि विरोध से नाराज युवक ने पहले महिला के साथ गाली-गलौज की और फिर धारदार चाकू से उन पर हमला कर दिया। हमले में राजकुमारी यादव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद परिजन घायल महिला को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई।

आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
मामले की सूचना मिलने के बाद सकरी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी प्रशांत शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस वारदात के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। अब पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी पर सबकी नजरें टिकी हैं।