बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार सुबह बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलपारा के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर के बाद कार ट्रेलर में फंस गई और चालक उसे काफी दूर तक घसीटता ले गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार क्षेत्र के पांच युवक और पांच युवतियां रविवार की छुट्टी मनाने चैतुरगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान बेलपारा के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार चालक को रास्ते में झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार ट्रेलर में जा घुसी। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों का इलाज जारी है।
हादसे के बाद कार ट्रेलर में फंस गई थी, लेकिन चालक को इसकी जानकारी नहीं हुई। वह ट्रेलर लेकर आगे बढ़ता रहा और कार सड़क पर दूर तक घिसटती चली गई। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा रहा है। फिलहाल रतनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों सहित पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
