तखतपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर-कोरबा नेशनल हाइवे पर रविवार दोपहर समलपुरी ब्रिज के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्राला एक अज्ञात वाहन से जा टकराया, जिसके बाद ट्राला बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें अचानक आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में ट्राला चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हादसा सकरी थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने और हाईवे को साफ करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात को सामान्य करने का प्रयास जारी है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि, ड्राइवर को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ होगा। रजनीश सिंह ने बताया कि, दुर्घटना की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। फिलहाल मृतक चालक की पहचान और अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं। वहीं, नेशनल हाइवे पर हुई इस घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर मौजूद रहकर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया।
इसी बीच राज्य के नारायणपुर जिले में भी एक अलग सड़क हादसा सामने आया है, जहां प्लांट कर्मचारियों की बस और ट्रक की टक्कर में 17 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों घटनाओं ने एक बार फिर हाईवे पर रफ्तार और लापरवाही के खतरों को उजागर किया है।
