बीजापुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग, रायपुर द्वारा पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर के अटल बिहारी वाजपेयी नवीन सभागार में ‘नारी सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को लैंगिक समानता, विधिक संरक्षण, साइबर सुरक्षा और महिला अधिकारों से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करना था। साथ ही महिला सुरक्षा और संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं संस्थाओं के योगदान को पहचान देने के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। इसी क्रम में बीजापुर जिले से जिला संरक्षण अधिकारी (नवा बिहान योजना) शीला भारद्वाज को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान महिला सुरक्षा और संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित करने के साथ अन्य अधिकारियों और संस्थाओं को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
