होम्स चोरी कांड का खुलासा: बाप-बेटे समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, 6.28 लाख का माल बरामद

Follow Us

रायपुर। खम्हारडीह स्थित गोल्डन होम्स में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, चोरी के पैसों से खरीदे गए सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 6.28 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी भरत छापड़िया ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 3-4 जून 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर आलमारी और लॉकर खोलकर सोने-चांदी के जेवरात व नगदी चोरी कर ले गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने जल विहार कॉलोनी, तेलीबांधा निवासी डी रवि राव उर्फ बच्चन को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए चोरी का सामान अपने चचेरे भाई डी इग्नेश राव और परिचित अशोक मानिकपुरी को देने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, एक मोबाइल फोन, एक कूलर और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है।