बलौदाबाजार। मानसून के मौसम में संक्रामक और मच्छर जनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, डायरिया, टाइफाइड और पीलिया जैसी बीमारियों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल उपचार कराएं और स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि बारिश के दौरान जलभराव, नमी और दूषित पानी के कारण संक्रामक रोग तेजी से फैलते हैं। इनसे बचाव के लिए जिला संपर्क केंद्र के माध्यम से ग्राम पंचायतों से ऑनलाइन संवाद स्थापित कर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को जागरूक किया जा रहा है। लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने और बीमारी से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
आईडीएसपी के जिला नोडल अधिकारी डॉ. नवदीप बांधे ने बताया कि दस्त और उल्टी की स्थिति में बार-बार दस्त, उल्टी, पेट में ऐंठन और शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इससे बचने के लिए पानी उबालकर या फिल्टर कर पीना, भोजन अच्छी तरह पकाकर खाना तथा साबुन से नियमित हाथ धोना जरूरी है। वहीं, गांवों में पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की भी सलाह दी गई है।
मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए घर और आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का उपयोग करें तथा पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। जिला कार्यक्रम प्रबंधक सृष्टि मिश्रा ने लोगों से किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतने और आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग की हेल्पलाइन 104 पर संपर्क करने की अपील की है।
