रायपुर। संत गोबिंदराम शदाणी शासकीय कला एवं वाणिज्य कन्या महाविद्यालय, रायपुर में सत्र 2026-27 की नवप्रवेशित छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह खुद को एक जागरूक, सक्षम और संवेदनशील नागरिक के रूप में तैयार करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा से जुड़कर छात्राएं अपने भविष्य की नई शुरुआत कर रही हैं।
राज्यपाल ने छात्राओं को जीवन में लगातार सीखते रहने और अवसरों का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी एक क्षेत्र में सफलता न मिले तो निराश होने के बजाय दूसरे विकल्पों की तलाश करनी चाहिए। उनका कहना था कि वर्तमान समय में तकनीक और इंटरनेट ने सीखने के कई रास्ते खोल दिए हैं, लेकिन तकनीक पर पूरी तरह निर्भर रहना उचित नहीं है। इंटरनेट जानकारी दे सकता है, लेकिन सही निर्णय लेने के लिए मानवीय बुद्धि और विवेक जरूरी है। ज्ञान हासिल करने के साथ उसका सही और जिम्मेदारीपूर्ण इस्तेमाल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
रमेन डेका ने छात्राओं से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल यह सोचने के बजाय कि समाज ने हमें क्या दिया, यह भी विचार करना चाहिए कि हम अपने आसपास के लोगों, समाज और देश के लिए क्या कर सकते हैं। उन्होंने वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करने, मेहनत जारी रखने और अनावश्यक चिंता से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास मिलकर बड़े बदलाव का कारण बन सकते हैं। उन्होंने महिलाओं की सामाजिक भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समाज की प्रगति में उनकी भागीदारी बेहद जरूरी है।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनका आचरण और व्यवहार भी विद्यार्थियों के लिए सीख का माध्यम बनता है। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की मेहनती और प्रतिभाशाली छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, संत युधिष्ठिर लाल, महाविद्यालय की प्राचार्य उषा किरण अग्रवाल, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


