ऑटो में महिला के बैग से लाखों के सोने के जेवर चोरी, चालक पर केस दर्ज

Follow Us

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में रखे बैग से सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बुंदेला निवासी भगवती कौशिक (29) ने शिकायत में बताया कि 15 जुलाई को वह अपनी बड़ी बहन और बुआ के साथ ऑटो से अमेरी जा रही थीं। चकरभाठा स्थित ओम साईराम ज्वेलर्स के सामने ऑटो चालक गेदराम निराला के कहने पर उन्होंने अपना बैग ऑटो में ही छोड़ दिया और कृष्णा सोसायटी में सामान खरीदने चली गईं।

करीब डेढ़ घंटे बाद लौटने पर तीनों उसी ऑटो से अमेरी पहुंच गईं। अगले दिन बैग की जांच करने पर उसमें रखा करीब 15 ग्राम सोने का मंगलसूत्र, ईयर रिंग और चोकर माला गायब मिले।

पीड़िता का आरोप है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में ऑटो चालक उनकी गैरमौजूदगी में बैग से जेवर निकालते हुए दिखाई दे रहा है। शिकायत के बाद जब चालक से पूछताछ की गई तो उसने पहले टालमटोल की, लेकिन बाद में जेवर वापस करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।