घोघर बना जल संरक्षण की मिसाल, 3000 वाटर एब्जॉर्प्शन टैंक से बदलेगी गांव की तस्वीर

Follow Us

जशपुर। जल संरक्षण की दिशा में जशपुर जिले के घोघर गांव ने एक नई मिसाल पेश की है। बगीचा विकासखंड की ग्राम पंचायत घोघर में ‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान के तहत 3000 वाटर एब्जॉर्प्शन टैंक तैयार किए गए हैं। बारिश के पानी को सहेजने की यह पहल गांव को जल प्रबंधन के क्षेत्र में एक मॉडल के रूप में पहचान दिला रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश और कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन जल संरक्षण को जनभागीदारी से मजबूत बनाने में जुटा है। अभियान के जरिए ग्रामीणों को वर्षा जल के महत्व, भू-जल संरक्षण और भविष्य के जल संकट से निपटने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

गांव में बनाए गए वाटर एब्जॉर्प्शन टैंक बारिश के पानी को जमीन के अंदर पहुंचाने में मदद करेंगे। इससे भू-जल स्तर में सुधार होगा और खेतों में नमी लंबे समय तक बनी रहेगी। इसका सीधा फायदा किसानों को सिंचाई सुविधा और बेहतर कृषि उत्पादन के रूप में मिलेगा।ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से तैयार यह मॉडल अब जिले की अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है। घोघर की यह पहल जल सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।