बैंक और बाजार में चोरी करने वाला गैंग बेनकाब, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Follow Us

रायगढ़। जिले में बढ़ती उठाईगिरी और चोरी की घटनाओं के बीच लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े शातिर अपराधी अरविंद प्रताप सिंह उर्फ अरविंद नट को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। आरोपी मध्य प्रदेश के अनुपपुर जिले का रहने वाला है और अपने साथी के साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्य प्रदेश के कई जिलों में वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस जांच में सामने आया कि, जनवरी 2026 में लैलूंगा क्षेत्र के बैंक और बाजार इलाकों में लगातार डिक्की और वाहन से चोरी की घटनाएं हुई थीं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की।

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में कई वारदातें कबूल की हैं, जिनमें 2 लाख से अधिक की नकदी चोरी, कार के शीशे तोड़कर रकम उड़ाना और मोटरसाइकिल की डिक्की से पैसे चुराना शामिल है। आरोपी बैंक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपी के पास से बिना नंबर की बाइक और वारदात में इस्तेमाल औजार भी बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, बैंक से लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।