पटना। बिहार के सियासी गलियारे से इस वक्त की एक बहुत बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की कद्दावर नेता राबड़ी देवी को पटना के प्रसिद्ध ’10 सर्कुलर रोड’ स्थित सरकारी आवास को तुरंत खाली करने का कड़ा प्रशासनिक नोटिस जारी किया गया है। सरकार के इस आदेश पर पूर्व मुख्यमंत्री का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने नीतीश सरकार को बेहद तल्ख लहजे में खुली चुनौती दे डाली है। राबड़ी देवी ने साफ शब्दों में कहा है कि वह यह बंगला किसी भी कीमत पर खाली नहीं करेंगी; सरकार में दम है तो फोर्स बुलाए और उन्हें जबरन बाहर निकाल कर दिखाए।
दरअसल, बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने यह वीआईपी बंगला अब राज्य के नए पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया है। इस प्रशासनिक कदम के बाद सूबे की सियासत में जुबानी जंग तेज हो गई है। पटना का ’10 सर्कुलर रोड’ पिछले दो दशकों से लालू प्रसाद यादव के परिवार का आधिकारिक पता और आरजेडी का सबसे बड़ा राजनीतिक पावर सेंटर रहा है। इससे पहले नवंबर 2025 में भी नीतीश सरकार ने आवास खाली करने का नोटिस दिया था, लेकिन तब भारी विरोध के चलते मामला ठंडे बस्ते में चला गया था।
बंगले को खाली कराने के सरकारी आदेश के बाद आरजेडी कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी आक्रोश है। पार्टी इसे बदले की राजनीति बता रही है, जबकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि नियमों के तहत ही यह कार्रवाई की जा रही है। इस घटनाक्रम ने बिहार की राजनीति के तापमान को और बढ़ा दिया है।
