अंधविश्वास में खौफनाक कदम: छतरपुर में शख्स ने कुल्हाड़ी से काटा अपना प्राइवेट पार्ट, वजह जान डॉक्टर हैरान

Follow Us

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां महाराजपुर थाना क्षेत्र के भटीपुरा में एक 42 वर्षीय शख्स ने अंधविश्वास और सनक के चलते कुल्हाड़ी से अपना ही प्राइवेट पार्ट काट डाला। खून से लथपथ हालत में उसे छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इस आत्मघाती कदम के पीछे की जो वजह सामने आई है, उसने डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों को भी दंग कर दिया है।

अस्पताल में तड़पते हुए पीड़ित राममिलन यादव ने बताया कि, उसने अपनी काम वासना को हमेशा के लिए मिटाने, गृहस्थ जीवन के बंधनों से मुक्त होने और भगवान का भजन करने के लिए यह कदम उठाया। उसका मानना था कि, ऐसा करने से वह सांसारिक बंधनों से आजाद हो जाएगा और उससे कभी कोई पाप नहीं होगा। शनिवार सुबह वह खेत पर बने कुएं के पास गया और वहां रखी कुल्हाड़ी से खुद पर वार कर दिया। इस खौफनाक कृत्य के बाद उसने खुद फोन कर अपने चचेरे भाई को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे बदहवास हालत में अस्पताल लेकर भागे।

परिजनों के मुताबिक, राममिलन के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। अगले महीने ही उसकी बेटी की शादी होनी तय हुई है, जिसकी तैयारियों में पूरा परिवार जुटा हुआ था। इसके अलावा उसकी पत्नी भी लंबे समय से पैरालिसिस (लकवा) से पीड़ित हैं। घर के मुखिया द्वारा उठाए गए इस कदम से शादी की खुशियां सदमे में बदल गई हैं। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक खून बह जाने के कारण मरीज की स्थिति गंभीर बनी हुई है।