वीडियो वायरल होते ही वन विभाग अलर्ट, जिंदल कॉलोनी के पास तेंदुआ दिखने से हड़कंप

Follow Us

रायगढ़। औद्योगिक नगरी रायगढ़ के रिहायशी इलाकों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर स्थित जिंदल कॉलोनी के पास एक तेंदुआ घूमता हुआ दिखाई दिया। सोमवार की रात तेंदुए की चहलकदमी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने न केवल कॉलोनी वासियों बल्कि आसपास के ग्रामीणों के मन में भी खौफ पैदा कर दिया है।

वायरल हो रहे इस वीडियो में तेंदुआ गार्डन के पास से होते हुए बेहद शांत तरीके से जंगलों की ओर जाता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि, तेंदुआ संभवतः भोजन और पानी की तलाश में जंगलों से भटककर इस पॉश कॉलोनी तक आ पहुंचा है। वीडियो के सामने आते ही जिंदल कॉलोनी के शूटिंग रेंज और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने घरों से बाहर निकलना कम कर दिया है।

तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम अलर्ट मोड पर आ गई है। विभाग के अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर सर्चिंग ऑपरेशन चला रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, तेंदुए के पगमार्कों (निशानों) की तलाश की जा रही है ताकि इसकी आधिकारिक पुष्टि की जा सके। हालांकि, विभाग ने अभी तक औपचारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले रात में बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी है। रायगढ़ के आसपास के जंगलों से वन्यजीवों का रिहायशी इलाकों की ओर रुख करना प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बन गया है।