बुजुर्गों के मानसिक स्वास्थ्य पर जोर, मन जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Follow Us

कोरिया । विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के अवसर पर जिला प्रशासन के मन जागृति अभियान के अंतर्गत शासकीय जिला चिकित्सालय, बैकुंठपुर के बुजुर्ग देखभाल केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बुजुर्गों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक जरूरतों, अकेलेपन और तनाव की समय पर पहचान तथा पारिवारिक सहयोग के महत्व पर जानकारी दी गई।कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों में उदासी, अनिद्रा, भूलने की समस्या और मानसिक तनाव जैसे लक्षणों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।मनोचिकित्सा परिचारिका सह सलाहकार सुमन तेंदुलकर ने कहा कि बढ़ती उम्र में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल भी जरूरी है। उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से नींद, एकाग्रता और पारिवारिक संवाद पर पडऩे वाले प्रभावों की जानकारी देते हुए नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद और परिजनों के साथ समय बिताने की सलाह दी।

मनोचिकित्सा सामाजिक कार्यकर्ता पुलेंद्र मोहले ने टेली-मानस सेवा के टोल-फ्री नंबर 14416 की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से नि:शुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। वहीं, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. सुमन कुमार ने बुजुर्गों को जैकबसन प्रोग्रेसिव मसल रिलैक्सेशन का अभ्यास कराया।सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य समग्र स्वास्थ्य का अभिन्न अंग है। अपनी परेशानी साझा करना कमजोरी नहीं, बल्कि हिम्मत की बात है।कार्यक्रम में बुजुर्गों को सम्मान, भावनात्मक सहयोग और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम को जिला कार्यक्रम प्रबंधक अशरफ अंसारी और जिला नोडल अधिकारी, मानसिक स्वास्थ्य डॉ. कार्तिकेय सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।