मुंगेली। बिलासपुर जिले के लोरमी क्षेत्र में रविवार देर रात एक कबाड़ी दुकान में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। झझुपुरी रोड स्थित इस दुकान में आग इतनी तेजी से फैली कि, कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और आसमान में काले धुएं के गुबार छा गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग रिहायशी इलाके में लगी थी, जिससे आसपास के घरों में भी डर का माहौल बन गया। देखते ही देखते दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि, आग लगने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई सहायता नहीं पहुंची। ऐसे में लोगों ने खुद ही मोर्चा संभाला और हैंडपंप व घरों के नलों से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की। पूरी रात मशक्कत के बावजूद आग पर काबू पाने में काफी समय लगा और तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। घटना स्थल एसडीएम और तहसील कार्यालय के पास होने के बावजूद देर से मदद पहुंचने को लेकर लोगों में नाराजगी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
