लोधी चौक की 5 दुकानों में मिली गंदगी, नगर निगम ने लगाया 15 हजार रुपये का जुर्माना

Follow Us

रायपुर। नगर पालिक निगम जोन क्रमांक-3 के स्वास्थ्य विभाग ने स्वच्छता संबंधी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए लोधीपारा चौक स्थित 5 दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानों में गंदगी, डस्टबिन की कमी और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पाया गया, जिसे निगम टीम ने तत्काल जब्त कर लिया।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई लोधीपारा चौक स्थित वीरांगना अवंती बाई लोधी चौक से क्रिस्टल आर्केड तक की गई। जांच में जनशिकायत सही पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई।

स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार तांडी ने बताया कि पंजाब तड़का और रोल्स मेनिया पर 5-5 हजार रुपये, कृष्णा स्वीट्स पर 3 हजार रुपये, मोहित खत्री पर 1500 रुपये और प्रशांत तिवारी अमृततुल्य चाय पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

नगर निगम टीम ने दुकानदारों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही स्वच्छता दीदियों की मौजूदगी में शिकायत का मौके पर ही निराकरण किया गया।