बस्तर । बस्तर जिले के बकावंड और दरभा विकासखंड में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की पहल से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। अब किसानों को मक्का बेचने के लिए मंडियों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। गांव में ही मंडी से अधिक कीमत मिलने से उन्हें परिवहन खर्च और समय की बचत हो रही है। इस पहल के तहत दो किसान उत्पादक कंपनियों ने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से कुल 3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीदी की है।
बिहान के अंतर्गत गठित एफपीओ यानी किसान उत्पादक संगठनों में बकावंड की लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और दरभा की मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी शामिल हैं। इन कंपनियों ने किसानों से खरीदे गए मक्के का विक्रय सीधे स्थानीय व्यापारी सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड को किया। इस व्यवस्था से किसानों को बिचौलियों से राहत मिली और उनकी उपज का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने में मदद मिली।
गांव में ही खरीदी होने से किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने के लिए परिवहन पर खर्च नहीं करना पड़ रहा है। साथ ही मंडी में इंतजार और अन्य औपचारिकताओं में लगने वाला समय भी बच रहा है। एफपीओ और उत्पादक समूहों के माध्यम से किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
अब ये किसान उत्पादक कंपनियां किसानों को खेती के लिए खाद, बीज और कीटनाशक जैसी जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही हैं। इसके लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से कृषि विभाग के अधीन संस्था इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मशीन मिलने पर एफपीसी के माध्यम से किसानों को उचित दर पर खेती से जुड़ी सामग्री मिल सकेगी। एफपीसी पदाधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें उपज की बिक्री से लेकर कृषि संसाधनों की उपलब्धता तक एक ही व्यवस्था से जोड़ना है।
