शादी में गया परिवार, सूना मकान! वकील के घर 5 लाख की चोरी

Follow Us

बालोद। जिले के सांकरी गांव में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है, जहां शादी में शामिल होने गए एक वकील के परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने घर को निशाना बना लिया। घटना गुंडरदेही थाना क्षेत्र की है, जिसने इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 01 निवासी 56 वर्षीय वकील नेमेश्वर प्रसाद सिन्हा अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने घर पर ताला लगाकर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में घर के पीछे से प्रवेश किया। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसपैठ की और सीधे अलमारी को निशाना बनाया। अगली सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दरवाजा टूटा हुआ था और घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि, सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हो चुकी थी।

पीड़ित वकील ने तुरंत गुंडरदेही थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।