बिलासपुर। शहर के व्यापार विहार इलाके में नकली सिगरेट के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। डुप्लीकेट “गोल्ड फ्लैक” ब्रांड की सिगरेट की सप्लाई पकड़े जाने के बाद एक व्यापारी को हिरासत में लिया गया है और करीब 5 लाख रुपये मूल्य की चार कार्टून सिगरेट जब्त की गई है। यह कार्रवाई दिल्ली से आई आईटीसी लिमिटेड की टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त जांच के बाद सामने आई।
जानकारी के मुताबिक, टीम को पहले से सूचना मिली थी कि, शहर में नकली सिगरेट की सप्लाई हो रही है। इसके बाद टीम ने पान-ठेलों से सैंपल लेकर जांच की, जिसमें कई उत्पाद नकली पाए गए। जांच को आगे बढ़ाते हुए टीम ने ग्राहक बनकर सप्लायर से संपर्क किया और उसे व्यापार विहार क्षेत्र में माल उपलब्ध कराने के लिए बुलाया। वहां पहुंचने पर टीम ने सिगरेट के पैकेट, होलोग्राम और प्रिंटिंग की जांच की, जिसमें माल पूरी तरह नकली पाया गया।
इसके बाद टीम सिविल लाइन थाना पहुंची और जब्त सामान पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आगे एफआईआर दर्ज की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि, यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और शहर की छोटी दुकानों तक नकली सिगरेट की सप्लाई की जा रही थी। अनुमान है कि, यह कारोबार रोजाना लाखों रुपये का था। फिलहाल पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है।
