सीमाओं पर परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर: अमित शाह का एलान, ‘स्मार्ट बॉर्डर’ से रुकेगी अवैध घुसपैठ

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश की सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित और अभेद्य बनाने के लिए एक बड़े ‘स्मार्ट बॉर्डर’ पायलट प्रोजेक्ट की घोषणा की है। इस योजना के तहत अत्याधुनिक तकनीक, स्थानीय प्रशासनिक संसाधनों और सुरक्षा बलों को एक साथ एकीकृत (इंटीग्रेट) किया जाएगा। शाह ने साफ किया कि केंद्र सरकार किसी भी कीमत पर देश की सीमाओं के जरिए होने वाले जनसांख्यिकीय परिवर्तन (Demographic Change) को बर्दाश्त नहीं करेगी।

त्रिपुरा के लंकामुरा सीमा चौकी पर बीएसएफ (BSF) जवानों को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि चाहे त्रिपुरा हो, बंगाल हो या बिहार, घुसपैठ के जरिए आबादी का संतुलन बिगाड़ने की हर कोशिश को नाकाम किया जाएगा। यह प्रोजेक्ट देश की सीमाओं पर 7 से 8 संवेदनशील स्थानों पर एक साथ शुरू किया जाएगा। शुरुआती चुनौतियों को दूर करने के बाद इसे पूरे सीमा नेटवर्क पर लागू किया जाएगा। अमित शाह ने बताया कि, बांग्लादेश और पाकिस्तान सीमाओं से देश की आंतरिक सुरक्षा को मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी और ड्रोन के जरिए नकली नोट गिराए जाने जैसे गंभीर खतरे हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए त्रिपुरा में 15 साल से पुरानी 119 किलोमीटर लंबी बाड़ को बदलने की परियोजना को भी मंजूरी दे दी गई है।