लखनऊ। शामली के बनत क्षेत्र में आयोजित सत्ता परिवर्तन यात्रा के दौरान आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और चंद्रशेखर आजाद ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम की राजनीति से देश का भला नहीं हो सकता और जनता के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि समाज समय रहते एकजुट नहीं हुआ तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं का उठाया मुद्दा
लिलौन खेड़ी स्थित एक विवाह मंडप में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है, जबकि किसान अपनी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने से परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिल पा रहा है और युवाओं के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है। ऐसे में राजनीति का केंद्र जनता की बुनियादी समस्याएं होनी चाहिए।
स्मार्ट मीटर और बिजली व्यवस्था पर भी बोले
चंद्रशेखर आजाद ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था के माध्यम से किसानों और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती के कारण आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के पास जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस योजना नहीं है और वह लोगों को विभाजित करने की राजनीति कर रही है।
एकता और भाईचारे पर दिया जोर
सभा में उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा और एकता कायम रहने से देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली जा सकती हैं। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और सामाजिक मजबूती के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।

कॉकरोच पार्टी पर कही ये बात
चंद्रशेखर आजाद ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से गरीबों, किसानों और अन्य वर्गों के हकों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉकरोच पार्टी अभी नई है। उनकी यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि ट्रेड डील के नाम पर किसानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। यह निर्णय किसानों के लिए हानिकारक सिद्ध हो सकता है। किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
सभा के बाद सत्ता परिवर्तन यात्रा लिलौन से शुरू होकर अजंता चौक तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़, नवाजिश आलम समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
