रेलवे की शान बढ़ाई वाणिज्य विभाग के 7 कर्मचारी सम्मानित

Follow Us

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने सोमवार को बिलासपुर, रायपुर एवं नागपुर—के टिकट जांच कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान अपने-अपने मंडलों में सर्वाधिक आय अर्जित करने वाली महिला कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया ।

बिलासपुर मंडल की बसंती सिंह, टिकट निरीक्षक, रायपुर मंडल की रुद्राणी देव बर्मन, उप मुख्य टिकट निरीक्षक तथा नागपुर मंडल की रेखा यादव, उप मुख्य टिकट निरीक्षक सहित तीनों मंडलों के अन्य उत्कृष्ट कर्मचारियों को भी प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने दिव्यांग कर्मचारी के समर्पण एवं उत्कृष्ट सेवाओं की विशेष सराहना की ।

उन्होंने कहा कि शारीरिक चुनौतियों के बावजूद इन कर्मचारियों ने यात्रियों की सेवा में अनुकरणीय योगदान दिया है । विशेष रूप से दृष्टिबाधित कर्मचारी सहयोग (पूछताछ) काउंटरों पर यात्रियों को ट्रेनों की आवाजाही, प्लेटफॉर्म तथा अन्य यात्रा संबंधी जानकारी अत्यंत दक्षता के साथ उपलब्ध करा रहे हैं । उनकी सेवाओं की यात्रियों द्वारा भी व्यापक सराहना की गई है ।

उनकी उपलब्धियां गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर की प्रसिद्ध पंक्ति—“मेरी आँखों के पीछे भी एक दृष्टा बैठा है”—को चरितार्थ करती हैं, जो यह संदेश देती है कि वास्तविक दृष्टि केवल आँखों से नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मबल से प्राप्त होती है। बिलासपुर मंडल की रानी सोनवानी, टिकट परीक्षक जो स्वयं दृष्टिबाधित हैं, किंतु यात्रियों के मार्गदर्शन एवं सहायता में निरंतर उत्कृष्ट सेवा प्रदान कर रही हैं, उन्हें प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक द्वारा विशेष नगद पुरस्कार प्रदान किया गया ।