ई-प्रॉसिक्यूशन, ई-एफआईआर, मेडलीपार, एनएएफआईएस व सीसीटीएनएस में शत-प्रतिशत एंट्री पर जोर

Follow Us

*अपराध समीक्षा बैठक में एसपी संदीप पटेल के सख्त निर्देश*

नारायणपुर। पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल द्वारा जिले में अपराधों की समीक्षा एवं पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने जिले में दर्ज अपराधों, लंबित प्रकरणों, विवेचनाओं एवं पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा विवेचना में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने ई-प्रॉसिक्यूशन, ई-एफआईआर, मेडलीपार, एनएएफआईएस एवं सीसीटीएनएस में आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेजों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डिजिटल रिकॉर्ड को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।

बालिग गुमशुदगी के मामलों में भी एफआईआर के निर्देश
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बालिग व्यक्तियों के गुमशुदगी के मामलों में भी एफआईआर दर्ज करने तथा ऐसे मामलों में संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


Read more:- रायपुर में ‘गुरु वंदन’ फिनाले में दिखा कला और देशभक्ति का संगम, 30 प्रस्तुतियों ने जीता दर्शकों का दिल


जेन्युइन बैंक खातों को नियमानुसार अनहोल्ड कराने के निर्देश
साइबर अपराधों से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जीआरएम पोर्टल के माध्यम से जांच उपरांत वास्तविक (जेन्युइन) बैंक खातों को नियमानुसार अनहोल्ड कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्दोष खाताधारकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, बेहतर विवेचना, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।