तालाब में नहाने गई बुजुर्ग महिला की डूबने से मौत, SDRF ने निकाला शव

Follow Us

जांजगीर-चांपा। जिले के खोखरा गांव स्थित बूटरी तालाब में नहाने के दौरान एक बुजुर्ग महिला की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला का शव तालाब से बाहर निकाला। मृतका की पहचान खीखन बाई राठौर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह दोपहर करीब 1:30 बजे नहाने के लिए तालाब गई थीं। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला के शव को तालाब से बाहर निकाला। जांजगीर कोतवाली पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।