पोटा केबिन मुरतोंडा पहुंचे शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Follow Us
  • परिसर में बागवानी और सीपेज सुधार के सख्त निर्देश

रायपुर । सुकमा जिले में दूरस्थ अंचल के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के संकल्प के साथ शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने पोटा केबिन मुरतोंडा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्था में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, पठन-पाठन की गुणवत्ता और छात्रावास की जमीनी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं, भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल करते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक सुरक्षित, स्वच्छ और साधन-संपन्न वातावरण तैयार करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बच्चों की थाली में रोज ताजी व पौष्टिक सब्जियां पहुंचें

छात्रावास के शयन कक्षों और मेडिकल रूम का मुआयना करते हुए शिक्षा मंत्री ने नियमित स्वच्छता पर विशेष जोर दिया। बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने परिसर में मौसमी सब्जियों की बागवानी (किचन गार्डन) विकसित करने का अभिनव निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परिसर की खाली भूमि के सदुपयोग से बच्चों की थाली में रोज ताजी व पौष्टिक सब्जियां पहुंचेंगी, साथ ही विद्यार्थियों में प्रकृति, पर्यावरण और श्रम के प्रति स्वाभाविक रुचि भी विकसित होगी।

पोटा केबिन की शैक्षणिक गुणवत्ता और आवासीय व्यवस्थाओं को उत्कृष्ट बनाए रखे

निरीक्षण के दौरान छत पर जलभराव के कारण कुछ स्थानों पर सीपेज की समस्या सामने आने पर मंत्री यादव ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि भवन की मजबूती और बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को पोटा केबिन की शैक्षणिक गुणवत्ता और आवासीय व्यवस्थाओं को निरंतर उत्कृष्ट बनाए रखने के लिए सतत मॉनिटरिंग के कड़े निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमित कुमार, जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर, जिला शिक्षाधिकारी जीआर मंडावी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे