डॉ. रमन सिंह की कार्यकर्ताओं को नसीहत, बोले- पद की चिंता छोड़ संगठन को मजबूत करने में जुटें

Follow Us

कवर्धा। भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव के लिए करीब ढाई साल का समय ही बचा है, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को पद की अपेक्षा संगठन और सरकार को मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ढाई साल पहले कांग्रेस की सरकार थी, जिसने प्रदेश को बदनाम कर दिया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए सभी को एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ संगठन के लिए काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल के भी ढाई साल पूरे हो चुके हैं और अब शेष समय में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि संगठन और राजनीतिक क्षेत्र के सभी प्रमुख पद वर्तमान में भरे हुए हैं। ऐसे में पद को लेकर नाराजगी या मनमुटाव रखने की जरूरत नहीं है। पार्टी समय और आवश्यकता के अनुसार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देती है और हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। डॉ. रमन सिंह ने अपने 40 वर्षों के राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी पद की मांग नहीं की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को सर्वोपरि मानते हुए पार्टी नेतृत्व के फैसलों पर विश्वास रखने और एकजुट होकर काम करने की अपील की।