कोंडागांव। केशकाल अस्पताल में पदस्थ एक डॉक्टर पर शराब के नशे में ड्यूटी करने और मरीज के परिजनों से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। जानकारी के अनुसार, मरीज के बेटे वसीम मेमन अपने बीमार पिता का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि इलाज का अनुरोध करने पर डॉक्टर शैलेंद्र भोयर नाराज हो गए और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथ उठाने का प्रयास किया। इसके बाद परिजनों ने मामले की शिकायत स्थानीय पत्रकारों और स्वास्थ्य अधिकारियों से की।
घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे पत्रकारों के साथ भी डॉक्टर द्वारा कथित रूप से हाथापाई की कोशिश की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। केशकाल बीएमओ डॉ. डीके बिसेन ने बताया कि डॉक्टर के खिलाफ पहले भी शराब के नशे में ड्यूटी करने की शिकायतें मिल चुकी हैं। उन्हें पूर्व में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
