बस्तर/बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड स्थित उलनार गांव में एक महिला के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद होने से सामाजिक तनाव की स्थिति बन गई। 62 वर्षीय लखी कश्यप के निधन के बाद उनका शव दो दिनों तक घर में रखा रहा। बाद में पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने पर करकापाल स्थित ईसाई कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार कराया गया।
जानकारी के अनुसार, महिला के परिजन शव को गांव के पारंपरिक मुक्तिधाम में दफनाना चाहते थे। इस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि मतांतरण के बाद अंतिम संस्कार संबंधित धर्म के कब्रिस्तान में होना चाहिए। सरपंच मधु नेताम के मुताबिक, इस तरह का यह गांव में दूसरा मामला था, जिसे लेकर ग्रामीणों ने परंपराओं के संरक्षण की बात कही।
मामले की जानकारी मिलने पर नगरनार थाना प्रभारी संतोष सिंह समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच लंबी चर्चा के बाद परिजन करकापाल स्थित ईसाई कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार कराने के लिए सहमत हो गए। इसके बाद शांतिपूर्ण ढंग से दफन की प्रक्रिया पूरी कराई गई और तनाव समाप्त हुआ।
हाल के वर्षों में बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में अंतिम संस्कार, ग्रामसभा के निर्णय और मतांतरण से जुड़े मुद्दों को लेकर विवाद सामने आए हैं। प्रशासन का कहना है कि ऐसे मामलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी पक्षों से संवाद के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया जाता है।
