कोरबा में डीजे पर डांस को लेकर विवाद, चाकू मारकर युवक की हत्या; 3 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा उत्सव के दौरान डीजे पर डांस को लेकर हुआ विवाद हत्या में बदल गया। मुड़ापार दशहरा मैदान में 22 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ गोल्डन की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना 20 अक्टूबर की रात रावण दहन कार्यक्रम के दौरान हुई। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों का अर्धमुंडन कर जुलूस निकाले जाने की भी जानकारी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, डीजे की धुन पर डांस के दौरान राहुल और बिट्टू चौहान के बीच धक्का लगने को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि राहुल ने बिट्टू को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद विजय चौहान के साथ भी मारपीट और धक्का-मुक्की हुई। आरोप है कि इसके बाद बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सीपू चौहान और उनके एक अन्य साथी राहुल को मैदान के पीछे गली में ले गए, जहां उस पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल राहुल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मुताबिक, पुलिस ने बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल हथियार जब्त किए हैं। चौथे आरोपी की तलाश और मामले की आगे की जांच जारी है।