नई दिल्ली। राजधानी के होलंबी खुर्द स्थित मेट्रो विहार कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय की जर्जर संरचना का हिस्सा गिरने से बच्ची उसकी चपेट में आ गई। मृतक तान्या तीसरी कक्षा की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार वह कॉलोनी में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी शौचालय परिसर में बने गैस निकासी पिलर का ढांचा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सार्वजनिक शौचालय लंबे समय से बंद और जर्जर हालत में था। कई बार शिकायतों के बावजूद मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और क्षेत्र में जर्जर ढांचों की तत्काल जांच की मांग की है।
