महासमुंद। जिले में भारत की आगामी जनगणना की तैयारियों के तहत स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नागरिक अब घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल http://se.census.gov.in� के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। यह सुविधा 16 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और इसे जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल और डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
कलेक्टर विनय लंगेह ने स्वयं पोर्टल पर अपना स्व-गणना फॉर्म भरकर इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि, सरकार ने नागरिकों की सुविधा के लिए यह डिजिटल व्यवस्था लागू की है, जिससे लोग आसानी से अपने परिवार की जानकारी भर सकें। एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही फॉर्म भरा जा सकता है और यह प्रक्रिया सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
फॉर्म भरने के बाद नागरिकों को एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे बाद में आने वाले प्रगणकों को दिखाना होगा। यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर पाता है, तो 1 से 30 मई के बीच प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि, दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग किसी कानूनी साक्ष्य के रूप में नहीं होगा। जनगणना के लिए प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया गया है। इस प्रक्रिया से प्राप्त डेटा का उपयोग सरकारी योजनाओं, संसाधन वितरण और प्रशासनिक सुधारों में किया जाएगा।
