टीएमसी पर धर्मेंद्र प्रधान का तीखा हमला, डेरेक ओ’ब्रायन के बयान को बताया राजनीतिक हताशा

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड मतदान को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने पार्टी नेता डेरेक ओ’ब्रायन के बयान को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। डेरेक ओ’ब्रायन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी थी। उन्होंने लिखा कि मोदी ने बंगाल की सभी 294 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की बात कही थी, लेकिन अब उन्हें बड़े-बड़े दावे बंद करने चाहिए। साथ ही उन्होंने 4 मई को ममता बनर्जी और टीएमसी की जीत का दावा करते हुए प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग की। इस पर पलटवार करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि इस तरह के बयान राजनीतिक हताशा और असुरक्षा को दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी नेतृत्व पश्चिम बंगाल में बढ़ती मतदाता भागीदारी को स्वीकार नहीं कर पा रहा है। प्रधान ने आगे कहा कि राज्य में लंबे समय से भय और दबाव की राजनीति की जा रही थी, लेकिन अब जनता खुलकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रही है। उनके अनुसार, यह बदलाव टीएमसी के लिए चिंता का विषय बन गया है। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और वह भ्रष्टाचार, घुसपैठ, हिंसा और राजनीतिक उत्पीड़न के खिलाफ अपना फैसला देने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि 4 मई को आने वाले नतीजे यह साफ कर देंगे कि बंगाल की जनता अब अहंकार और धमकी की राजनीति को स्वीकार करने के मूड में नहीं है।