धमतरी पुलिस का बड़ा अभियान: नशे के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

धमतरी। जिले में अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 10 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी, अंग्रेजी और कच्ची महुआ शराब के साथ बिक्री से प्राप्त नगदी रकम भी जब्त की गई है।पुलिस के अनुसार अपराध एवं नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत तीन बड़े मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

नगरी थाना क्षेत्र में आरोपी अंजू कुमार नेताम और धनराज नेताम को अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि कुरूद पुलिस ने खुबलाल निषाद को बड़ी मात्रा में देशी शराब के साथ पकड़ा। इन आरोपियों के कब्जे से शराब के साथ बिक्री की नगदी रकम भी बरामद की गई। इसके अलावा भखारा, करेलीबड़ी, मगरलोड, सिहावा, बिरेझर और नगरी क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए सात अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से देशी, अंग्रेजी और महुआ शराब के साथ हजारों रुपये की नगदी जब्त की है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, गांजा, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उल्लेखनीय है कि बीते 24 घंटों के भीतर ही आबकारी एक्ट के कई मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे और अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।