दिल्ली को मिलेगी नई रफ्तार: 150 ई-बसें सड़कों पर, ट्रांसपोर्ट होगा स्मार्ट

Follow Us

नई दिल्ली। प्रदूषण कम करने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य सरकार 17 अप्रैल को 150 नई इलेक्ट्रिक बसों को सड़कों पर उतारने जा रही है, जिससे राजधानी में सफर और भी सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार लगातार इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा दे रही है। इससे पहले फरवरी में 500 और मार्च में 300 ई-बसें शामिल की जा चुकी हैं।अब इन 150 नई बसों के जुड़ने से कुल संख्या में और इजाफा होगा, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और आरामदायक सफर मिलेगा।

दिल्ली परिवहन निगम के अनुसार, इलेक्ट्रिक बसों के बढ़ते बेड़े से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी अधिक सुलभ बनेगी। ये बसें आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, जिनमें एसी, बेहतर सीटिंग, कम शोर और सुरक्षा के लिए पैनिक बटन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2028 तक बसों की कुल संख्या 14,000 तक पहुंचाने का है। इसके साथ ही नई ईवी नीति और ई-रिक्शा नीति लाकर राजधानी में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की योजना है। विशेषज्ञों का मानना है कि, इस पहल से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार होगा और लोगों को साफ-सुथरा, सुरक्षित और किफायती परिवहन विकल्प मिल सकेगा।