दिल्ली होटल अग्निकांड: मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार, ‘सब चलता है’ के चक्कर में गई 21 बेगुनाहों की जान; न्यायिक जांच के आदेश

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित ‘फ्लरिश स्टे’ होटल में हुए भीषण अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हादसे के बाद से फरार चल रहे होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने लवकेश और अन्य आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। बता दें कि 3 जून को होटल के बेसमेंट में चल रहे रेस्टोरेंट में लगी इस भयानक आग ने 21 लोगों की जान ले ली थी, जिनमें 11 विदेशी और 10 भारतीय नागरिक शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपी लवकेश बजाज ने बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि मुनाफा कमाने के चक्कर में उसने नियमों को ताक पर रखकर होटल में कमरों की संख्या बढ़ाई थी। बजाज ने दावा किया कि वह खुद होटल की निगरानी नहीं करता था और मैनेजमेंट संभालने वाले एक व्यक्ति ने उसे सलाह दी थी कि होटल में इस तरह के बदलाव आम बात हैं और ‘दिल्ली में सब चलता है’।

जांच में सामने आया है कि लवकेश बजाज के इस इलाके में कई और होटल भी हैं, जहाँ मुख्य रूप से इलाज के लिए भारत आने वाले विदेशी मरीज ठहरते हैं। हादसे का शिकार हुए इस होटल का फ्रंट हिस्सा महज 7 से 8 फीट चौड़ा था, जबकि बेसमेंट और ऊपर की मंजिलों पर ठूस-ठूस कर कमरे बनाए गए थे। सबसे बड़ी लापरवाही यह थी कि पूरे होटल में बाहर निकलने का केवल एक ही रास्ता था, जिसके कारण आग लगते ही लोग ट्रैप हो गए। इस बीच, दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) ने एक हाई-लेवल बैठक बुलाकर हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि लापरवाही बरतने वाले सभी जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।