दिल्ली विधानसभा, सिविक सेंटर और विद्यालयों को मिले बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल

Follow Us

नयी दिल्ली। दिल्ली विधानसभा, कई विद्यालयों और राष्ट्रीय राजधानी के सरकारी प्रतिष्ठानों को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने प्रभावित परिसरों में तलाशी ली। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष को सुबह करीब 8:30 बजे बम की धमकी का ईमेल मिला। इसके तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने विधानसभा परिसर की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान हालांकि बम या कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

दिल्ली पुलिस ने बताया, “पुलिस सभी आवश्यक जांच करने के लिए तय नियमों का पालन कर रही है।” पुलिस के मुताबिक, सिविक सेंटर के सुरक्षा अधिकारियों को भी सुबह करीब 10:11 बजे बम धमाके की धमकी का एक ईमेल मिला, जिसकी जानकारी तुरंत दिल्ली पुलिस के साथ साझा की गयी।
सूचना मिलते ही कमला मार्केट थाना पुलिस, स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने सिविक सेंटर परिसर की गहन जांच की। पुलिस ने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के माध्यम से मध्य जिला बम पहचान दस्ते (बीडीएस) को भी जांच के लिए सूचित किया गया।


Read more:- बस्तर दशहरा को विश्व पहचान दिलाने का संकल्प, 75 दिन चलेगा संस्कृति का उत्सव


कमला मार्केट पुलिस धमकी भरे ईमेल के स्रोत और विवरण सहित मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए मध्य जिले की साइबर सेल भी ईमेल और उसके मूल स्थान की जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, सरदार पटेल विद्यालय, दिल्ली पब्लिक स्कूल (वसंत कुंज) और कापसहेड़ा में जिलाधिकारी कार्यालय सहित कई अन्य स्थानों को भी इसी तरह की धमकियां मिलीं।

धमकियों के बाद संबंधित स्थानों पर बम पहचान एवं निरोधक दस्ते, श्वान दस्ता टीम और दिल्ली अग्निशमन सेवा के कर्मचारियों को तैनात किया गया। एहतियात के तौर पर परिसरों को सुरक्षित कर जांच अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक तलाशी लिये गये परिसरों से कोई भी संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है। ये ताजा धमकियां दिल्ली उच्च न्यायालय सहित कई प्रमुख प्रतिष्ठानों को 14 अगस्त को मिले बम की धमकी वाले ईमेल के एक महीने से भी कम समय के भीतर आयी हैं।


Read more:- बीसीसीआई और राज्य क्रिकेट संघ इसके दायरे से बाहर क्यों? सुप्रीम कोर्ट ने पूछा सवाल


उच्च न्यायालय को 15 अगस्त को दोपहर 2:11 बजे संभावित विस्फोट की चेतावनी देने वाला ईमेल मिला था, जबकि दिल्ली की जिला अदालतों को भी दोपहर 3:11 बजे विस्फोट की धमकी दी गयी थी। इसके अलावा जामनगर हाउस, झंडेवालान भवन, साकेत में एमबी रोड कार्यालय, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 और दिल्ली छावनी स्थित एसडीएम कार्यालय सहित पांच अन्य स्थानों को फोन कॉल के जरिये बम की धमकी मिलने की सूचना थी। उन स्थानों पर भी तलाशी ली गयी थी, लेकिन कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई थी।