तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, नाराज ग्रामीणों ने दो घंटे रोका रास्ता

Follow Us

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम खेरभावना के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात कार ने साइकिल से घर लौट रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया।

मृतक की पहचान ग्राम कनबेरी निवासी सुरेंद्र सिंह कंवर (47), पिता स्वर्गीय दुबराज सिंह कंवर के रूप में हुई है। बताया गया कि सुरेंद्र सिंह कोरबा से काम निपटाकर साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। खेरभावना के पास विपरीत दिशा से आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। फरार कार और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे के साथ खेरभावना मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग करते हुए चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस की समझाइश और तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए देने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास रात में अंधेरा रहता है और स्ट्रीट लाइट नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द प्रकाश व्यवस्था करने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर अज्ञात कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।