वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। होर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में भारी दबाव देखा गया, जिससे क्रूड ऑयल के दाम तेजी से नीचे आ गए। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराकची द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर दी गई जानकारी के बाद यह बदलाव देखने को मिला। रिपोर्ट के अनुसार, WTI क्रूड करीब 10.91% गिरकर लगभग 84 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि ब्रेंट क्रूड 10.49% की गिरावट के साथ करीब 88.97 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। इससे पहले मध्य पूर्व में तनाव के चलते कीमतें 118 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं।

विशेषज्ञों का कहना है कि, होर्मुज के दोबारा खुलने से सप्लाई चेन सामान्य होने की उम्मीद बढ़ी है, जिससे बाजार में राहत आई है। भारत जैसे देशों के लिए यह गिरावट काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि देश अपनी तेल जरूरतों का लगभग 90% आयात करता है। तेल कीमतों में गिरावट का असर आने वाले दिनों में महंगाई दर, ईंधन लागत और वैश्विक बाजारों पर भी देखने को मिल सकता है। शेयर बाजारों में भी 20 अप्रैल को सकारात्मक रुख रहने की संभावना जताई जा रही है।
