स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 57 पदों पर संविदा भर्ती स्थगित

Follow Us

बलौदाबाजार। जिले में संचालित 16 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में रिक्त 57 पदों पर चल रही संविदा भर्ती प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी ने यह निर्णय लिया है। अब इन विद्यालयों में शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों की भर्ती केंद्रीयकृत परीक्षा के माध्यम से की जाएगी, जिसका संचालन संचालनालय द्वारा किया जाएगा। इसी बीच एक अन्य मामले में उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग बलौदाबाजार ने डाक विभाग को सेवा में कमी का दोषी मानते हुए आदेश जारी किया है। मामला लवन निवासी पूनम चौहान द्वारा संविदा नियुक्ति के लिए भेजे गए आवेदन पत्रों के समय पर न पहुंचने से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, तीन अलग-अलग पदों के लिए आवेदन स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजे गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा में पत्र विभाग तक नहीं पहुंचे, जिसके कारण आवेदन स्वीकार नहीं किए गए। इसके बाद आवेदिका ने उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कर मानसिक और आर्थिक क्षतिपूर्ति की मांग की थी। आयोग ने सुनवाई के बाद पाया कि डाक विभाग द्वारा समय पर डिलीवरी न करने से सेवा में कमी हुई है। इसके आधार पर डाक शुल्क लौटाने के साथ-साथ 10,000 रुपये मानसिक क्षतिपूर्ति और 3,000 रुपये वाद व्यय देने का आदेश दिया गया है।