आरक्षक लिकेश पटेल मौत मामला फिर खुला, 7 महीने बाद टीआई से मांगी गई जांच रिपोर्ट

Follow Us

बालोद। जिले में सात महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले आरक्षक लिकेश पटेल की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में है। लंबे समय बाद भी मौत के कारणों का खुलासा नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बालोद थाना प्रभारी से विस्तृत जांच प्रतिवेदन तलब किया है।

जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी 2026 को बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम टेकापारा के पास एक खेत में आरक्षक लिकेश पटेल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उस समय वे मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में पदस्थ थे। घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की थी, लेकिन सात महीने बीत जाने के बाद भी मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी स्मरण पत्र में बालोद थाना प्रभारी से मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र में उल्लेख किया गया है कि इससे पहले भी प्रतिवेदन मांगा गया था, लेकिन अब तक रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद उसे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को भेजा जाएगा। अब इस बहुचर्चित मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।