कांग्रेस संगठन सृजन अभियान को मिली रफ्तार , प्रभारी अरुण वोरा ने कहा- अतिशीघ्र कार्यकारिणी का होगा गठन

Follow Us

रायपुर। जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक आज आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा विशेष रूप से शामिल हुए। हाल ही में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा उन्हें रायपुर शहर का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिसके बाद यह उनकी पहली अहम बैठक मानी जा रही है।

बैठक में संगठन सृजन अभियान 2025-26 के तहत पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से वार्ड, ब्लॉक एवं मंडल स्तर पर कार्यकारिणी के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अरुण वोरा ने बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि संगठन के सभी स्तरों पर नई कार्यकारिणियों का गठन प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए, ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ और मजबूत हो सके।

उन्होंने रायपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि वार्ड स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को शामिल करते हुए समितियों का गठन शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। उनका जोर इस बात पर रहा कि संगठन में नई ऊर्जा समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री कुमार मेनन ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन विस्तार को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों पर प्रभारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है और लक्ष्य रखा गया है कि आगामी एक सप्ताह के भीतर पूरे रायपुर में संगठनात्मक ढांचा सुदृढ़ कर लिया जाएगा।
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस दौरान श्रीकुमार शंकर मेनन, प्रमोद दुबे, प्रमोद चौबे, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी,प्रमोद तिवारी, सलाम रिजवी, कुलदीप जुनेजा, महेंद्र छाबड़ा, पंकज शर्मा, कन्हैया अग्रवाल, सूर्यमणि मिश्रा, महेश शर्मा, एजाज ढेबर, सनी अग्रवाल, संजय पाठक, शिव सिंह ठाकुर, सुबोध हरितवाल, दीपक मिश्रा, दिनेश ठाकुर, बंशी कन्नौजे जी, श्रीनिवास, प्रशांत ठेंगड़ी मौजूद रहे।