रावघाट से अंतागढ़ तक कांग्रेस की विशाल पदयात्रा, करीब 2 हजार ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ भरी हुंकार

Follow Us

*बसंत यादव और दुर्गेश ठाकुर के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब; रावघाट प्रभावित क्षेत्र, बदहाल सड़क, स्वास्थ्य, स्मार्ट मीटर और खाद संकट को लेकर बुलंद हुई आवाज*

अंतागढ़। आम जनता के सम्मान में, कांग्रेस पार्टी मैदान में” के नारे के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंतागढ़ के तत्वावधान में मंगलवार को रावघाट से अंतागढ़ तक विशाल पदयात्रा निकाली गई। जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष बसंत यादव एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंतागढ़ के अध्यक्ष दुर्गेश ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। पदयात्रा में करीब 2 हजार लोगों ने भाग लेकर क्षेत्र की समस्याओं के खिलाफ आवाज बुलंद की।

पदयात्रा में ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। हाथों में पार्टी के झंडे और जनसमस्याओं से जुड़ी मांगों कांग्रेस ने इसे सरकार और प्रशासन तक क्षेत्र की जनता की आवाज पहुंचाने का आंदोलन बताया। पदयात्रा में रावघाट खदान प्रभावित क्षेत्र की समस्याएं, अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग की बदहाली, स्वास्थ्य एवं एंबुलेंस व्यवस्था, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल और किसानों के सामने यूरिया-डीएपी खाद की किल्लत प्रमुख मुद्दे रहे।

रावघाट से संसाधन जा रहे, प्रभावित गांवों को विकास का हक कब?
कांग्रेस नेताओं ने रावघाट खदान प्रभावित क्षेत्र की स्थिति को लेकर सरकार और भिलाई स्टील प्लांट (BSP) प्रबंधन पर सवाल उठाए। कांग्रेस का आरोप है कि खदान शुरू होने से पहले क्षेत्र के विकास को लेकर कई वादे किए गए थे, लेकिन प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं और विकास की मांग कर रहे हैं।

पार्टी ने आरोप लगाया कि स्थानीय ग्रामीणों के साथ ग्राम सभाओं और जनप्रतिनिधियों की मांगों एवं आपत्तियों को भी पर्याप्त गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। कांग्रेस ने नियमों के विपरीत जंगलों की कटाई का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की। साथ ही रावघाट खदान प्रभावित क्षेत्र में अंतागढ़ और कोयलीबेड़ा ब्लॉक को समुचित रूप से शामिल कर विकास का लाभ देने की पुरानी मांग दोहराई।

जर्जर अंतागढ़ नारायणपुर सड़क पर सवाल—आखिर कब जागेगी सरकार?
पदयात्रा में अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग की बदहाली का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारी वाहनों और माइंस से जुड़े ट्रकों की लगातार आवाजाही से सड़क की हालत खराब होती जा रही है। इससे ग्रामीणों, निजी वाहन चालकों और ट्रक संचालकों सभी को परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। कांग्रेस ने सरकार से सड़क की तत्काल मरम्मत एवं स्थायी समाधान की मांग की।


Read more:-आज भी खत लिखना क्यों है खास? जानें 5 बड़े फायदे


आदिवासी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर आक्रोश
कांग्रेस ने अंतागढ़ जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं एंबुलेंस व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल खड़े किए। नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को समय पर इलाज और एंबुलेंस सुविधा नहीं मिलने के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पार्टी ने स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं बढ़ाने तथा एंबुलेंस व्यवस्था को तत्काल मजबूत करने की मांग की।

स्मार्ट मीटर और खाद संकट को लेकर भी सरकार को घेरा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ता बिजली बिल बढ़ने की शिकायत कर रहे हैं। इससे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। सरकार को इन शिकायतों की जांच कर जनता को राहत देनी चाहिए।

वहीं किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कहा कि खाद की कमी के चलते किसान खुले बाजार से अधिक कीमत पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। पार्टी ने कथित कालाबाजारी की जांच और किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की।


Read more:- कटघोरा में एक सुनसान कमरे के अंदर 24 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी


बसंत यादव बोले—यह अंतागढ़ की जनता के हक की लड़ाई
जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष बसंत यादव ने कहा कि रावघाट से अंतागढ़ तक की यह पदयात्रा क्षेत्र की आम जनता के हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी यह बताती है कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लोगों में नाराजगी है।

उन्होंने कहा, “अंतागढ़ और रावघाट क्षेत्र के संसाधनों का उपयोग हो रहा है तो यहां की जनता को विकास, बेहतर सड़क, स्वास्थ्य सुविधाएं और मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी है और जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, संघर्ष जारी रहेगा।”

दुर्गेश ठाकुर बोले—जनता की आवाज दबने नहीं देंगे
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश ठाकुर ने कहा कि ग्रामीणों का इतनी बड़ी संख्या में पदयात्रा में शामिल होना अपने आप में सरकार और प्रशासन के लिए संदेश है। अंतागढ़ की जनता सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और खाद जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान चाहती है।

उन्होंने कहा कि रावघाट प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों की मांगों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार ने समय रहते समस्याओं पर ठोस कदम नहीं उठाया तो कांग्रेस ग्रामीणों और आम जनता के साथ आंदोलन को और व्यापक करेगी।

सरकार से सीधा सवाल—आखिर कब मिलेगा अंतागढ़ को उसका हक?
कांग्रेस ने पदयात्रा के माध्यम से सवाल उठाया कि रावघाट प्रभावित क्षेत्र का समुचित विकास कब होगा? अंतागढ़ नारायणपुर मार्ग कब सुधरेगा? स्वास्थ्य और एंबुलेंस व्यवस्था कब दुरुस्त होगी? किसानों को पर्याप्त खाद कब मिलेगी? स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों से राहत कब मिलेगी? और क्षेत्र के सांसद-विधायक जनता की इन समस्याओं को मजबूती से कब उठाएंगे?

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 2 सितंबर की यह पदयात्रा सरकार को जनता की समस्याओं के प्रति जगाने का संदेश है। मांगों पर समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कांग्रेस ग्रामीणों और आम जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेगी। इस कार्यक्रम मै जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंतागढ़ आमाबेड़ा पखांजूर कोयलीबेडा से आए कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए