रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी अभियान “वोट बचाओ, देश बचाओ” के अंतर्गत आज छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं लोकसभा सांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस की ऑनलाइन बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, पदाधिकारी, सह-प्रभारी, विधायक एवं पूर्व विधायक शामिल हुए।बैठक में आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में वोट चोरी के मुद्दे पर आयोजित होने वाले सम्मेलन की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, एआईसीसी एवं पीसीसी ऑब्जर्वर तथा देशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल होंगे।
बैठक में दुर्ग शहर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा भी शामिल हुए। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा “वोट बचाओ, देश बचाओ” अभियान के तहत रायपुर शहर का प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने अपने प्रभार क्षेत्र से संबंधित जानकारी साझा की तथा अभियान की आगामी गतिविधियों पर चर्चा की।
25 अक्टूबर को राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं संगठनात्मक बैठक
अभियान के तहत आगामी 25 अक्टूबर को रायपुर स्थित राजीव भवन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ऑब्जर्वर एवं महाराष्ट्र की सांसद डॉ. शोभा बच्छाव सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी, रायपुर शहर एवं रायपुर ग्रामीण के कांग्रेस पदाधिकारियों की पृथक-पृथक बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में अभियान की रूपरेखा एवं आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। रायपुर शहर के प्रभारी अरुण वोरा भी बैठक में उपस्थित रहेंगे।
