रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बस किराए में बढ़ोतरी और बिजली बिलों में अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक साल के भीतर दूसरी बार बस किराया बढ़ने से आम यात्रियों, मजदूरों, किसानों और विद्यार्थियों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा। बैज ने कहा कि महंगाई के बीच बसों से सफर करना और महंगा हो गया है। उन्होंने खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और बिजली की कीमतों में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाते हुए सरकार से आम लोगों को राहत देने की मांग की। बिजली बिलों में कोयला अतिरिक्त प्रभार लगाए जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनका आरोप है कि अतिरिक्त शुल्क जमा नहीं करने वाले कुछ उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं। बैज ने बिजली दरों में बार-बार बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार को घेरा और बस किराए में हुई वृद्धि वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पटवारियों की हड़ताल और भर्ती परीक्षाओं में देरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पटवारियों की तीन सूत्रीय मांगों का समाधान किया जाना चाहिए, ताकि धान खरीदी के पंजीयन और अन्य राजस्व कार्यों पर असर न पड़े। बैज ने एसआई-सूबेदार भर्ती परीक्षा स्थगित होने और पीएससी-2025 के इंटरव्यू टलने का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में देरी से प्रदेश के युवाओं को नुकसान हो रहा है। उन्होंने विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने और लंबित परीक्षाओं की प्रक्रिया समय पर पूरी करने की मांग की। बैज ने कहा कि सरकार को महंगाई, बिजली बिलों और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि आम जनता और युवाओं को राहत मिल सके।
